धनबाद: पूर्वी टुंडी प्रखंड के मैरानवाटांड निवासी समाजसेवी डॉ. धीरज मंडल ने अपने परिवार के साथ मिलकर पोखरिया स्थित पेमिया ऋषिकेश अनाथ विद्यालय के बच्चों के लिए विशेष पहल की। उन्होंने पिता मंटू पद मंडल, पत्नी अलका कुमारी और भाई निर्मल कुमार मंडल के साथ मिलकर सभी बच्चों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की और उनके साथ समय बिताया।
इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी पहल की गई। मीडिया के माध्यम से बच्चों में खुजली की समस्या की जानकारी मिलने पर डॉ. धीरज मंडल के परिवार ने उपचार के लिए मोनोसल्फिरम मेडिकेटेड साबुन और आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।
डॉ. धीरज मंडल ने कहा कि जिन लोगों को सहारे की जरूरत है, उनके साथ खड़ा होना और मदद करना ही जीवन का महत्वपूर्ण कार्य है।
समाजसेवी परिवार की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
















