पटना : बापू सभागार में उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हिस्सा लिया और योजना के 7 हजार से अधिक लाभुकों के खातों में विभिन्न किस्तों की राशि अंतरित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार MSME नीति-2026 का लोकार्पण भी किया। साथ ही राज्य के सभी जिलों में स्थापित MSME केंद्रों का उद्घाटन किया गया, जिनके जरिए स्थानीय उद्यमियों को मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के 1 करोड़ परिवारों को उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन से जोड़ना है। उन्होंने रोजगार मांगने वाले युवाओं के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी तैयार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 45 हजार उद्यमी तैयार करने का लक्ष्य है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से करीब 3,500 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बिहार MSME नीति-2026 के साथ मुख्यमंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग क्लस्टर विकास योजना-2026 और सूक्ष्म एवं लघु उद्यम सुविधा परिषद नियमावली-2026 से संबंधित पुस्तिकाओं का भी विमोचन किया गया।
















