पूर्वी टुंडी: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड के बड़बाद स्थित बीबीएम इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार को झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल बिनोद बिहारी महतो की 103वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। 23 सितंबर 1923 को बलियापुर के बड़ादाहा में जन्मे बिनोद बिहारी महतो की 103वीं जयंती पर धनबाद सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जयंती समारोह के दौरान कॉलेज परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद किया।
वक्ताओं ने उनके प्रसिद्ध संदेश ‘पढ़ो और लड़ो’ का उल्लेख करते हुए कहा कि बिनोद बिहारी महतो ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम माना। उन्होंने समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार काम किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य कार्तिक महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गिरीलाल किस्कू, झामुमो नेता अजीत मिश्रा, प्रबोध मंडल, शिक्षक दिनेश मंडल, बिपिन मंडल, सुबल मंडल, ललित सोरेन समेत कई शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
















