,

पतरातु रेलवे अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने की मांग, ईसीआरकेयू करेगा पहल

JP Bharat Shareधनबाद | पतरातु रेलवे अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और बुनियादी जरूरतों को पूरा कराने के लिए ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) ने पहल करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री सह एआईआरएफ वर्किंग कमिटी सदस्य मो ज़्याऊद्दीन ने अस्पताल निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने कहा…

JP Bharat Share

धनबाद |

पतरातु रेलवे अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और बुनियादी जरूरतों को पूरा कराने के लिए ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) ने पहल करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री सह एआईआरएफ वर्किंग कमिटी सदस्य मो ज़्याऊद्दीन ने अस्पताल निरीक्षण के दौरान दी।

उन्होंने कहा कि पतरातु का यह महत्वपूर्ण रेलवे अस्पताल धनबाद मंडल के सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाले सीआईसी सेक्शन के कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ईसीआरकेयू पहले भी अस्पताल को बंद किए जाने के प्रयासों का विरोध कर चुकी है और अब इसे अपग्रेड कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रही है।

निरीक्षण के दौरान मो ज़्याऊद्दीन ने बताया कि अस्पताल में एक्स-रे टेक्निशियन उपलब्ध हैं, लेकिन डिजिटल एक्स-रे मशीन नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा विभिन्न पैथोलॉजी जांच सुविधाओं और संबंधित तकनीकी कर्मियों की भी आवश्यकता है। उन्होंने अस्पताल में ऑटो एनालाइजर मशीन स्थापित करने की मांग भी उठाई।

महिलाओं की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अस्पताल में महिला डॉक्टर की नियुक्ति की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों के समक्ष गंभीरता से उठाया जाएगा।

ईसीआरकेयू के मीडिया प्रभारी एन के खवास ने बताया कि गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने में पहले काफी कठिनाई होती थी। यूनियन की मांग पर अस्पताल में रैंप निर्माण का कार्य प्रगति पर है। साथ ही लंबे समय से वातानुकूलित बर्न वार्ड और मरीजों के लिए दो वाटर कूलर लगाने की मांग भी की जा रही है।

इस दौरान मो ज़्याऊद्दीन ने मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. हलदार एवं डॉ. अभिषेक से मुलाकात कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक सुधारों पर चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक धनबाद के समक्ष भी प्रस्ताव रखा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान एआईआरएफ के जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा सहित सरयू प्रसाद, अजीत कुमार, ओंकार चौधरी, मनोज श्रीवास्तव और कई रेलकर्मी उपस्थित थे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports