रामगढ़/कुजू: अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ CISF एवं CCL की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। MMDR अधिनियम के तहत पारसबेडा जंगल में छापेमारी कर करीब 70 टन अवैध कोयला, एक हाइवा और लगभग 11 लाख रुपये मूल्य की ऑटोमेटिक माइन ड्रिल मशीन जब्त की गई।
CISF NK एवं पिपरवार यूनिट के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व उप कमांडेंट अजय कुमार पांडेय और सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया ने किया।
टीम ने हाईवे सड़क से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल क्षेत्र में छापेमारी की। अभियान के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी भी की गई। मौके से हाइवा वाहन संख्या JH12D-5282 सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में CISF और CCL के कई अधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी शामिल रहे। जब्त कोयला, वाहन और ड्रिल मशीन को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए CCL कुजू प्रबंधन को सौंप दिया गया।
CISF और CCL की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















