रांची | 24 जुलाई: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
उपायुक्त ने सीटी स्कैन, एमआरआई, पैथोलॉजी, ओपीडी, शिशु वार्ड और ऑर्थोपेडिक वार्ड सहित कई विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं मरीजों के अनुकूल बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कई मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, समय पर दवा मिलने और बेहतर उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने चिकित्सकों को गंभीर मरीजों के उपचार पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया।
अस्पताल भ्रमण के दौरान एक छोटे बच्चे को मोबाइल फोन का उपयोग करते देख उपायुक्त ने अभिभावकों को कम उम्र में अत्यधिक स्क्रीन टाइम के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए मोबाइल के सीमित उपयोग तथा परिवार के साथ अधिक समय बिताने की सलाह दी।
उपायुक्त ने कहा कि जिला स्वास्थ्य समिति की नियमित बैठकों के माध्यम से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी जिला प्रशासन को देने की अपील भी की।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में सदर अस्पताल में 128-स्लाइस सीटी स्कैन, एमआरआई, 24×7 अल्ट्रासाउंड, कलर डॉपलर, डिजिटल एक्स-रे, टेली-आईसीयू, डायलिसिस, ईसीजी, ट्रेडमिल टेस्ट, इकोकार्डियोग्राफी, न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, नर्व कंडक्शन टेस्ट और ईईजी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही आने वाले महीनों में कैथ लैब, पीईटी स्कैन, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और भविष्य में रोबोटिक सर्जरी जैसी सेवाएं शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।
















