चंदनकियारी (बोकारो): बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने सेक्टर-12 के असुरक्षित घोषित आवासों में रह रहे वैध आवासधारियों से जल्द से जल्द आवंटित वैकल्पिक आवासों में शिफ्ट होने की अपील की है। BSL का कहना है कि आवासधारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।
करीब दो वर्ष पहले NIT पटना के विशेषज्ञों से BSL टाउनशिप के कुछ आवासों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे कराया गया था। सर्वे के बाद सेक्टर-12 के 149 ब्लॉक्स में मौजूद 1,242 आवासों को असुरक्षित घोषित किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार इन आवासों की समस्या सामान्य मरम्मत से पूरी तरह दूर नहीं की जा सकती।
चरणबद्ध तरीके से दिए जा रहे वैकल्पिक आवास
BSL के मुताबिक, प्रभावित विभिन्न श्रेणियों के वैध आवासधारियों को चरणबद्ध तरीके से वैकल्पिक आवास आवंटित किए जा रहे हैं। इस संबंध में पहले सार्वजनिक और व्यक्तिगत नोटिस के माध्यम से भी आवासधारियों से शिफ्ट होने का आग्रह किया गया था।
आवंटित वैकल्पिक आवासों में जरूरत के अनुसार मरम्मत का काम कराया जा रहा है। मरम्मत पूरी होने के बाद ही संबंधित आवासधारियों को घर हैंडओवर किया जा रहा है। BSL के अनुसार कई नए आवंटित आवासों की मरम्मत पूरी हो चुकी है और वे हैंडओवर के लिए तैयार हैं।
BSL ने सभी प्रभावित आवासधारियों से उचित माध्यम से संवाद कर समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक आवासों में जल्द शिफ्ट होने का आग्रह किया गया है।
















