धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में शनिवार को आईपीएल फैन पार्क के आयोजन ने पूरे शहर को क्रिकेट के रंग में रंग दिया। तीसरी बार आयोजित इस खास इवेंट में विशाल एलईडी स्क्रीन पर लाइव मैच देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।
दोपहर में तेज धूप के कारण भीड़ थोड़ी कम रही, लेकिन शाम होते-होते मैदान खचाखच भर गया और माहौल पूरी तरह स्टेडियम जैसा नजर आने लगा। जैसे ही मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात हुई, दर्शकों की तालियों और उत्साह से पूरा गोल्फ ग्राउंड गूंज उठा।
इस दौरान युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी और स्टार बल्लेबाज केएल राहुल के शानदार शतक ने दर्शकों का रोमांच चरम पर पहुंचा दिया। हर बड़े शॉट पर फैंस का जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम किया गया था। बच्चों के लिए जंपिंग झूले और अन्य आकर्षणों ने परिवारों को भी इस इवेंट की ओर खींचा, जिससे बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ पहुंचे।
इस मौके पर डीडीसीए के महासचिव विनय सिंह और कोषाध्यक्ष ललित जगनानी भी मौजूद रहे। उन्होंने लकी ड्रॉ के जरिए विजेताओं का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया।
कुल मिलाकर, धनबाद का गोल्फ ग्राउंड इस फैन पार्क के जरिए क्रिकेट और मनोरंजन का शानदार संगम बन गया, जहां शहरवासियों ने IPL का भरपूर आनंद लिया।
















